Kanpur Weather: कानपुर मंडल में मानसून की विदाई के बाद मौसम में बदलाव महसूस होने लगा है। अगले 24 घंटों के दौरान कानपुर नगर, कान...
Kanpur Weather: कानपुर मंडल में मानसून की विदाई के बाद मौसम में बदलाव महसूस होने लगा है। अगले 24 घंटों के दौरान कानपुर नगर, कानपुर देहात, इटावा, फर्रुखाबाद, कन्नौज और औरैया में मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार, मंडल के किसी भी जिले में बारिश की संभावना नहीं है। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी महसूस होगी, जबकि सुबह और रात के समय मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रह सकता है। शाम को कुछ स्थानों पर हल्की धुंध या स्मॉग भी दिखाई दे सकता है।
कानपुर में 33 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान
कानपुर नगर में अगले 24 घंटों के दौरान आसमान साफ रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। दिन में धूप लोगों को गर्मी का अहसास कराएगी, जबकि रात का मौसम अपेक्षाकृत आरामदायक रहेगा।
कानपुर देहात से औरैया तक ऐसा रहेगा मौसम
कानपुर देहात में मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। ग्रामीण और खुले इलाकों में रात के समय हल्की ठंडक अधिक महसूस हो सकती है। इटावा में दिनभर धूप खिलने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। फर्रुखाबाद में भी मौसम सामान्य और साफ रहेगा। अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिन में हल्की उत्तर-पूर्वी हवाएं चल सकती हैं। कन्नौज में अगले 24 घंटों के दौरान अच्छी धूप निकलने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं, औरैया में अधिकतम तापमान 33 डिग्री तक पहुंचने और रात में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दोनों जिलों में बारिश की संभावना नहीं है।
मानसून की विदाई के बाद बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक, मानसून की विदाई के बाद रात और सुबह के समय मौसम धीरे-धीरे सुहावना होने लगा है। हालांकि, दिन में तेज धूप के कारण गर्मी बनी रहेगी। आसमान में बादलों की आवाजाही होने पर लोगों को कुछ राहत मिल सकती है। फिलहाल कानपुर मंडल के सभी छह जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान बारिश के आसार नहीं हैं।